ताजासमाचार

बिहारगंज में अवैध नल कनेक्शन पर नगर पालिका की कार्रवाई, पाइप लाइन जब्त

डेस्क न्यूज 14 May, 2026 प्रशासनिक

नीमच। शहर के बिहारगंज नया बाजार क्षेत्र में अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ नगर पालिका ने कार्रवाई करते हुए एक कनेक्शन काटकर पाइप लाइन जब्त कर ली। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कनेक्शन धारकों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
नगर पालिका कर्मचारी सुरेश पवार के अनुसार सुपरवाइजर नाथूलाल को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध नल कनेक्शन लिया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित पक्ष लताबाई पति राजकुमार चौहान से कनेक्शन के दस्तावेज, कनेक्शन नंबर और रसीद मांगी गई, लेकिन वे कोई भी वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेज नहीं मिलने पर नगर पालिका टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कनेक्शन विच्छेद कर दिया और पाइप लाइन जब्त कर ली। संबंधित पक्ष को अगले दिन सुबह तक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। दस्तावेज प्रस्तुत करने पर नियमानुसार कनेक्शन बहाल किया जाएगा, अन्यथा एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि शहर में अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post