डेस्क न्यूज़
13 May, 2026
अन्य
मनासा | नगर में सनातन धर्म के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच 85वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के विद्वान संत श्री चेतनराम (उदयपुर) की प्रेरणा से विगत 85 सप्ताह से नगर में सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग की निरंतर धारा प्रवाहित हो रही है। इस आयोजन का उद्देश्य सनातन एकता, बंधु भाव और संस्कारों को मजबूत करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ लाभार्थी मदनलाल झंवर परिवार के गोविंद झंवर, प्रकाश झंवर, राजेंद्र झंवर, बालकृष्ण झंवर, सुरेश झंवर, सुनील झंवर, अरुण झंवर, अनिल झंवर और दिलीप झंवर द्वारा श्रीहनुमानजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
सत्संग में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। राजकुमार मारु ने “तेरे आगे लाज मुझे आती नहीं है” भजन से समर्पण भाव व्यक्त किया, वहीं अरुण झंवर ने “अनोखी थारी झांकी” भजन से श्रीहनुमानजी की महिमा का गुणगान किया। अर्पित शर्मा, कमल विजयवर्गीय, केशव उपाध्याय, गोपाल राठौर और ओम सोनी ने भी भक्तिमय प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिरस में डुबो दिया। विशेष रूप से गोपाल राठौर द्वारा प्रस्तुत लावणी पर श्रद्धालु झूम उठे।
सत्संग के दौरान खड़ा शेर गली स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु सभी से सहयोग की अपील भी की गई। अंत में सनातन सत्संग मंडल द्वारा आयोजन को सफल बनाने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं लाभार्थी परिवार का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही जानकारी दी गई कि 86वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ 12 मई मंगलवार रात्रि 8:30 बजे श्री गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित होगा।