ताजासमाचार

नीमच में यातायात पुलिस का सख्त अभियान, काली फिल्म और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

डेस्क न्यूज़ 10 May, 2026 अन्य

नीमच। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर और उनकी टीम द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान काली फिल्म लगे वाहनों, नाबालिग वाहन चालकों, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की गई। यातायात टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच करते हुए कुल 30 चालान बनाए और करीब 11 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

यातायात पुलिस नीमच ने आमजन से अपील की है कि वाहन में लगी अवैध काली फिल्म स्वयं हटाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर पुलिस का सहयोग करें, ताकि चालानी और दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

Related Post