ताजासमाचार

बस में अफसर, गांव में सरकार : टामोटी में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा का ग्राउंड मॉडल—रात्रि चौपाल, मध्यरात्रि निरीक्षण, सुबह जल अभियान और गौसेवा तक हर मोर्चे पर एक्शन

डेस्क न्यूज़ 06 May, 2026 अन्य

नीमच। जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा का दौरा प्रशासनिक सक्रियता और संवेदनशीलता का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया। कलेक्टर जिलाधिकारियों के दल के साथ बस से गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने जल कलश यात्रा और ढोल-धमाकों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। रात्रि चौपाल में टामोटी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के सामने रखीं।

42 आवेदन, मौके पर समाधान का भरोसा
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने 42 लिखित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने आधार अपग्रेडेशन के लिए विशेष शिविर लगाने, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाने, वन अधिकार पट्टों की प्रक्रिया तेज करने और आबादी भूमि चिन्हांकन के निर्देश दिए। बिलवास की जर्जर आंगनवाड़ी को हटाकर नए भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के आदेश भी दिए गए।

जल जीवन मिशन और जल गंगा अभियान पर फोकस
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दो दिन में टामोटी क्षेत्र के सभी गांवों का भ्रमण कर हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य सुनिश्चित करें। जल चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण और संवर्धन के लिए जागरूक किया। वन मंडल अधिकारी एस.के. ऑटोदे ने भी वन क्षेत्र में जल संरचनाओं के निर्माण और मरम्मत के लिए प्राथमिकता से अनुमति देने की घोषणा की।

प्रतिभाओं और लाड़ली बेटियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया, वहीं पांच लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को हितलाभ प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

मध्य रात्रि में छात्रावास का औचक निरीक्षण
रात्रि चौपाल के बाद कलेक्टर ने टामोटी में ही रात्रि विश्राम किया, लेकिन देर रात भी वे सक्रिय नजर आए। मध्य रात्रि में उन्होंने आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। यहां रसोई घर, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और स्टॉक रजिस्टर की जांच की। विद्यार्थियों की दिनचर्या, पढ़ाई, खेलकूद और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए उन्होंने पेयजल, बिजली, शौचालय और अध्ययन सामग्री की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों संग भोजन और छात्रावास में रात गुजारी
कलेक्टर ने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन किया और अधिकारियों के साथ छात्रावास भवन में ही रात गुजारी। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, डीएफओ एस.के. ऑटोदे और एसडीएम किरण आंजना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सुबह होते ही जल संरचनाओं का निरीक्षण
बुधवार सुबह कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत टामोटी और आसपास के गांवों में जल संरचनाओं का निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता परखी। ग्राम शिवपुरिया में ग्रामीणों से संवाद कर उन्होंने जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

अरावली गौशाला में गौ-सेवा
दौरे के दौरान कलेक्टर टामोटी के समीप अरावली गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से चारा खिलाया, व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बछड़ों को दुलार किया।

कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रशासन गांव की चौखट तक पहुंचे और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर मिले। टामोटी का यह दौरा प्रशासन के ‘ग्राउंड कनेक्ट’ और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश देता है।

Related Post