ताजासमाचार

मनासा में अतिक्रमण हटाने के दौरान विवाद में CMO ने कांग्रेस नेता के खिलाफ करवाई FIR, महिलाओं द्वारा CMO की शिकायत

डेस्क न्यूज़ 05 May, 2026 अन्य

नीमच। मनासा नगर के रामपुरा रोड स्थित अति प्राचीन बद्रीविशाल मंदिर की बेशकीमती जमीन को लेकर सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। भारी पुलिस बल और राजस्व अमले की मौजूदगी में करीब 82 हजार स्क्वायर फीट भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। सुबह 8 बजे से शुरू हुई कार्रवाई शाम 5 बजे तक चली, जिसमें मंदिर की करीब 22 करोड़ रुपये (बाजार मूल्य लगभग 82 करोड़ रुपये) की जमीन को खाली कराकर तार फेंसिंग कर दी गई।

कार्रवाई के दौरान प्रभावित दुकानदारों, महिलाओं और कांग्रेस नेताओं ने जमकर विरोध किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। विरोध इतना बढ़ा कि मामला थाने तक पहुंच गया। मनासा सीएमओ संजय पाटीदार ने कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनीष पोरवाल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने की शिकायत दर्ज करवाई। वहीं दूसरी ओर महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की के आरोप लगाते हुए सीएमओ के खिलाफ भी मनासा थाने में आवेदन दिया गया है।

कांग्रेस नेता मनीष पोरवाल ने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई भाजपा के इशारे पर की गई है और गरीब मजदूर परिवारों को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि बिना नोटिस दिए कार्रवाई करना गलत है और उन्होंने केवल इस पर सवाल उठाए थे। उन्होंने सीएमओ पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की के भी आरोप लगाए।

वहीं सीएमओ संजय पाटीदार ने  कहा कि प्रशासन द्वारा विधिवत कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन मनीष पोरवाल ने उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।

मनासा थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने बताया कि सीएमओ की शिकायत पर मालाहेड़ा निवासी मनीष पोरवाल पिता उंकारलाल पोरवाल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Related Post