ताजासमाचार

विप्र सेना की बैठक में गूंजा एकता का संदेश: शिक्षा, रोजगार और संगठन सशक्तिकरण पर जोर, जल्द नीमच में महापंचायत

डेस्क न्यूज़ 04 May, 2026 अन्य

नीमच। शहर के रोटरी सामुदायिक सभागार में सोमवार को विप्र सेना जिला नीमच इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के उत्थान, संगठन सशक्तिकरण और सेवा कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विप्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष एवं कामखेड़ा सरकार पंडित रोहित नागर उपस्थित रहे, जिनका समाजजनों द्वारा पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

अपने उद्बोधन में रोहित नागर ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और रोजगार पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विप्र समाज की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि समान अवसर के बिना विकास अधूरा है। उन्होंने बताया कि विप्र सेना के 40 हजार से अधिक सदस्य बन चुके हैं और संगठन हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़ा है।

उन्होंने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि विभिन्न गोत्रों में बंटे होने के बावजूद सभी को एक मंच पर लाना ही संगठन का उद्देश्य है। “जो व्यक्ति समाज के विकास के लिए नया मार्ग प्रशस्त करता है, वही सच्चा समाजसेवी होता है,” उन्होंने कहा।

जिला अध्यक्ष प्रमोद व्यास ने युवाओं से आगे आकर परिवर्तन की भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विधवा माताओं और जरूरतमंदों के लिए पेंशन जैसी सुविधाएं दिलाने के प्रयासों की जानकारी दी और राजनीति में समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

जावद नगर पंचायत के पार्षद एडवोकेट सत्यनारायण शर्मा ने शिक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही, वहीं महिला जिला अध्यक्ष अपेक्षा शर्मा ने सामाजिक भेदभाव मिटाकर सामूहिक विकास पर जोर दिया। नगर महिला अध्यक्ष संगीता जोशी ने महिलाओं की भागीदारी को समाज की मजबूती के लिए जरूरी बताया।

बैठक में यह घोषणा भी की गई कि सीतामऊ के बाद जल्द ही नीमच में एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संचालन एडवोकेट गुणवंत तिवारी ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और एकजुटता व विकास को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

Related Post