न्यूज डेस्क
25 May, 2025
दुर्घटना
रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, कार से टकराकर कई फुट उछली लड़कियां
जावरा। रतलाम जिले के जावरा में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी पर सवार दो नर्सिंग छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा दोपहर में दाल मिल रोड पर हुआ और पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों छात्राएं स्कूटी से सड़क पार कर रही थीं, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्राएं हवा में उछलकर कार के बोनट पर जा गिरीं और करीब 20 फीट के बाद सड़क पर कार के सामने घिसटती हुई जा गिरीं। गनीमत रही की कार के ब्रेक लग गए अन्यथा गाड़ी सड़क पर गिरी लड़कियों पर चढ़ जाती।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत दौड़े और घायलों की मदद की। कार चालक मौके पर नहीं रुका और कार लेकर फरार हो गया। हादसे में घायल छात्राओं की पहचान दिव्या पिता ओमप्रकाश निवासी बरियाखेड़ी, नागदा, और प्रिया पिता राजेश निवासी नागदा के रूप में हुई है।दोनों नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं हैं और हादसे के वक्त कॉलेज जा रही थीं।
उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि दोनों छात्राएं खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
यहा देखें वीडिओ खबर - कार से टकराकर कई फीट उछली स्कूटी सवार लड़किया