ताजासमाचार

रामपुरा: भीषण सड़क हादसे में दो की मौत, आठ घायल; चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

डेस्क न्यूज़ 02 May, 2026 अन्य

रामपुरा (नीमच) | नीमच-झालावाड़ मार्ग पर ग्राम बैंसला स्थित 'पटेल श्री होटल' के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। सावन गांव से एक मन्नत कार्यक्रम में शामिल होकर वापस भानपुरा के अंतरालिया गांव लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तूफान गाड़ी बैसला घाट पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। रामपुरा थाना प्रभारी विपिन मसीह ने बताया कि प्रमुख घटनाक्रम और हताहत हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और तकरीबन 08 लोग घायल है। जानकारी के मुताबिक भारत चौहान (45 वर्ष) और सोहन बाई (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों की स्थिति: वाहन में सवार कुल 10 लोगों में से 8 घायल हुए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, इनमें से 7 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सभी लोग एक ही परिवार और गायरी गुर्जर समाज से संबंधित बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना देने के बावजूद वह समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और अपने निजी वाहनों की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल रामपुरा पहुंचाया। ग्रामीणों की इस त्वरित सहायता की हर तरफ सराहना हो रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी है, वहीं कुछ गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किये जाने की सुचना है।

इस हादसे के बाद अंतरालिया गांव और पूरे गुर्जर समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

Related Post