ताजासमाचार

भीषण गर्मी में ‘जीव दया’ की मिसाल: सीआरपीएफ स्कूल नीमच में विद्यार्थियों को बांटे गए जल पात्र, पक्षियों को मिलेगा जीवनदान

डेस्क न्यूज़ 29 April, 2026 अन्य

नीमच। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीआरपीएफ, जिला नीमच में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत एक सराहनीय पहल की गई। भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के साथ-साथ जीव दया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान अवकाश अवधि में बेजुबान पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु मिट्टी के जल पात्र (सकोरे) वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक हो जाती है। निर्जलीकरण से बचाने के लिए यह एक सरल लेकिन प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि यह छोटी-सी पहल न केवल पक्षियों के जीवन को बचाने में मदद करती है, बल्कि शहरी पारिस्थितिकी तंत्र में जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

विद्यालय की शिक्षिका वर्षा गोयल ने कहा कि गर्मी के मौसम में तालाब और पोखर जैसे प्राकृतिक जल स्रोत सूख जाते हैं, जिससे पक्षियों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। ऐसे में घरों के बाहर, छतों या पेड़ों पर जल पात्र रखना एक बड़ा सेवा कार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास जल पात्र लगाकर नियमित रूप से उनमें पानी भरें, ताकि पक्षियों को राहत मिल सके।

कार्यक्रम अधिकारी श्री यादव ने भी विद्यार्थियों को इस नेक पहल में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।

Related Post