डेस्क न्यूज़
29 April, 2026
राजनीति
सुभेंदु अधिकारी के खिलाफ 'चोर-चोर' के नारे लगे
कालीघाट पहुंचते ही तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाजपा उम्मीदवार सुभेंदु अधिकारी के खिलाफ 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिससे उनका काफिला बीच रास्ते में ही फंस गया। कालीघाट रोड और हरीश मुखर्जी रोड के चौराहे पर फंसे सुभेंदु ने आरोप लगाया कि उन पर बाहरी लोग हमला कर रहे हैं, जिसके बाद उन्होंने स्थिति बिगड़ती देख सीआरपीएफ (CRPF) को मौके पर बुलाया।
पलटवार करते हुए तृणमूल पार्षद और ममता बनर्जी की भाभी, काजरी बनर्जी ने सुभेंदु पर झूठ बोलने और मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया। तनाव बढ़ता देख सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज शुरू कर दिया।
अमित शाह ने सुभेंदु को किया फोन
इसी गहमागहमी के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुभेंदु को फोन किया और स्थिति का जायजा लिया।
एक ही बूथ पर नजर आए ममता और शुभेंदु
भवानीपुर के चक्रबेरिया स्कूल स्थित बूथ पर एक दिलचस्प और तनावपूर्ण स्थिति देखी गई जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सुभेंदु अधिकारी एक ही समय वहां मौजूद थे। दोनों कट्टर प्रतिद्वंद्वी काफी देर तक एक ही बूथ पर रहे, लेकिन इस दौरान उन्होंने एक दुसरे से कोई अभिवादन या शिष्टाचार नहीं निभाया।
भाजपा उम्मीदवार पर हमला और तोड़फोड़
बसंती के बूथ नंबर 76 पर भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार पर अचानक हमला किया गया। उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की और उनके सुरक्षा गार्ड से हथियार छीनने की कोशिश भी की। आरोप है कि मौके पर केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद उन्होंने बचाव की कोई ठोस कोशिश नहीं की, जिससे इलाके में सुरक्षा बलों के खिलाफ भी आक्रोश देखने को मिला ।
आर.जी. कर पीड़िता की मां के खिलाफ 'वापस जाओ' के नारों से गूंजा इलाका
पनिहाटी के बूथ नंबर 165 पर उस समय तनाव भड़क उठा जब आर.जी. कर पीड़िता की मां (भाजपा उम्मीदवार) मतदान का जायजा लेने पहुंचीं। जैसे ही उनकी कार न्यू आदर्श नगर पहुंची, तृणमूल समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और 'वापस जाओ' व 'जय बांग्ला' के नारे लगाए। भाजपा का दावा है कि उनके उम्मीदवार को जानबूझकर डराने की कोशिश की गई है।
फाल्टा और छपरा: धांधली के आरोप और गिरफ्तारी
छपरा: नादिया के छपरा विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 54 पर मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप में पुलिस ने तृणमूल के एक पोलिंग एजेंट को गिरफ्तार किया है।
भाजपा ने की पुनर्मतदान की मांग
फाल्टा: दक्षिण 24 परगना के फाल्टा में तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान और पुलिस अधिकारी अजयपाल शर्मा के बीच जारी तनातनी के बीच, भाजपा ने मतदान के शुरुआती चार घंटों के भीतर ही धांधली का आरोप लगाते हुए पुनर्मतदान (Re-polling) की मांग कर दी है।