डेस्क न्यूज
28 April, 2026
प्रशासनिक
नीमच । नीमच जिला चिकित्सालय में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने पिछले कई महीनों से वेतन न मिलने और बकाया एरियर के भुगतान को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर के नाम एक आवेदन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो उन्हें कड़े कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारी
CEDMAP कंपनी के अंतर्गत कार्यरत इन आउटसोर्स कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले 2 माह से वेतन नहीं दिया गया है। इसके अलावा, पिछले 11 माह का एरियर भी अभी तक बकाया है। ज्ञापन में बताया गया कि बार-बार कंपनी प्रबंधन से मौखिक अनुरोध करने के बावजूद अब तक भुगतान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
परिवारों के सामने भरण-पोषण की समस्या
उपस्थित घनश्याम बैरागी सहित कर्मचारियों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि वेतन न मिलने से वे गहरे आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। बच्चों की स्कूल फीस जमा करने में असमर्थता हो रही है, घर का राशन और रोजमर्रा के खर्च चलाना कठिन हो गया है, बीमारी के समय इलाज के लिए भी पैसे उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते कर्मचारियों ने कलेक्टर से अपनी मांगों के तहत 2 माह का बकाया वेतन तत्काल जारी कराए जाने, 11 माह के बकाया एरियर का भुगतान सुनिश्चित करने और भविष्य में हर माह समय पर वेतन भुगतान की गारंटी दी जाने संबंध में त्वरित कार्रवाई का निवेदन किया है।
ज्ञापन प्रदर्शन के दौरान जिला अस्पताल की विभिन्न इकाइयों PICU, SNCU और NRC में कार्यरत दर्जनों कर्मचारी गजेंद्र, सागर, युवराज, संजय, मीना, किरण, अभिषेक, रीना, नेहा आदि उपस्थित रहे। अब देखना यह है कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है।