ताजासमाचार

काले रंग की स्कॉर्पियो में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप जब्त, जीरन पुलिस की बड़ी कार्रवाई

डेस्क न्यूज़ 28 April, 2026 अन्य

नीमच। जिले के जीरन थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में डोडाचूरा जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया व नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।

नाकाबंदी के दौरान आरोपी फरार
दिनांक 27 अप्रैल 2026 को संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक RJ 14 UP 3477) को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगाते हुए नाकाबंदी तोड़ दी और हरनावदा रोड की ओर फरार हो गया। बाद में आरोपी वाहन को हरनावदा पुलिया के पास छोड़कर मौके से भाग निकला।

वाहन से मिली भारी मात्रा में मादक पदार्थ
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 2 क्विंटल 61 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 9.60 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। वाहन स्वामी की जानकारी जुटाकर आरोपी की तलाश की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश यादव एवं उनकी टीम की अहम भूमिका रही | 

Related Post