ताजासमाचार

खाद-बीज व्यापारियों का सरकार को चेतावनी पत्र : मांगें नहीं मानीं तो प्रदेशभर में बंद की तैयारी

डेस्क न्यूज़ 27 April, 2026 अन्य

नीमच। जिले के खाद, बीज और कृषि दवाई विक्रेताओं ने सोमवार को अपनी लंबित समस्याओं को लेकर मोर्चा खोल दिया। जिला खाद बीज कृषि दवाई विक्रेता संघ ने कलेक्टर प्रतिनिधि के नाम ज्ञापन सौंपते हुए साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो खरीफ सीजन से पहले बड़ा आंदोलन और अनिश्चितकालीन बंद किया जाएगा।

संघ ने बताया कि यह मुद्दे लंबे समय से उठाए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। देशभर में करीब 5 लाख कृषि आदान व्यापारी इन समस्याओं से प्रभावित हैं। इसी के विरोध में 27 अप्रैल को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल भी प्रस्तावित की गई है।

व्यापारियों ने सबसे बड़ी मांग खाद पर जबरन लिंकिंग/टैगिंग खत्म करने की रखी है। उनका आरोप है कि कंपनियां सब्सिडी वाले खाद के साथ अन्य उत्पाद लेने के लिए मजबूर करती हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है। इसके अलावा ‘फ्री ऑन रोड’ (FOR) व्यवस्था लागू कर खाद की डिलीवरी सीधे दुकानों तक पहुंचाने की मांग भी की गई है, ताकि परिवहन खर्च कम हो सके।

संघ ने बढ़ती महंगाई के बीच उर्वरकों पर डीलर मार्जिन कम से कम 8 प्रतिशत करने, ‘साथी (SATHI) पोर्टल’ में सुधार करने और इसे सीमित दायरे में रखने की बात भी रखी। साथ ही अवैध बीजों की बिक्री पर रोक, एक्सपायर्ड कीटनाशकों को कंपनियों द्वारा वापस लेने की अनिवार्यता और झूठी शिकायतों से व्यापारियों को राहत देने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

ज्ञापन में लाइसेंस निलंबन प्रक्रिया को सरल बनाने, जिला स्तरीय जांच समिति गठित करने और दोहरे लाइसेंस सिस्टम को खत्म करने जैसे मुद्दे भी शामिल हैं। कुल 14 सूत्रीय मांगों के साथ संघ ने साफ किया कि यदि एक माह में समाधान नहीं हुआ, तो इसका असर सीधे कृषि व्यवस्था और उत्पादन पर पड़ेगा।

Related Post