डेस्क न्यूज़
27 April, 2026
अन्य
नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम मेलकी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत पर काम कर रहे 55 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक करंट लगने से मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिसिंह पिता भेरूलाल (55 वर्ष), निवासी मेलकी, रोजाना की तरह अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वे गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।