डेस्क न्यूज़
24 April, 2026
अन्य
नीमच । शुक्रवार को चल्दू स्थित वृंदावन गौशाला, जैन दिवाकर गुरु कमल तीर्थ बिहार धाम में श्रवण संघ युवाचार्य प्रवर श्री महेंद्र ऋषि महाराज का पावन आगमन हुआ। राष्ट्र संत कमल मुनि जी कमलेश की प्रेरणा से पहुंचे गुरुदेव ने गौशाला परिसर का अवलोकन किया और यहां संचालित सेवाकार्यों को देखकर गहरा संतोष व्यक्त किया।
गुरुदेव ने गौसेवा, स्वच्छता और अनुशासित व्यवस्थाओं की विशेष रूप से सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं के समर्पण की प्रशंसा की। उनके प्रेरणादायक उद्बोधन से जुड़े सभी सेवाभावी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।
अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच, नई दिल्ली महिला शाखा वीरांगना प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा सांभर ने बताया कि गुरुदेव का आशीर्वाद गौशाला के लिए मार्गदर्शक साबित होगा। वहीं, दिवाकर युवा शाखा मध्यप्रदेश के वरिष्ठ कार्यकर्ता विक्रम जी ने कहा कि इस आगमन से कार्यकर्ताओं का हौसला और अधिक बुलंद हुआ है।
इस अवसर पर ज्ञान दिवाकर कमल गौशाला मंदसौर के अध्यक्ष नीलम वीरवाल जैन, नीमच संघ से वर्धमान स्थानकवासी श्रमणसंघ अध्यक्ष मनोहरलाल बंब, सूरजमल घोटा, सुरेन्द्र बंब, दिवाकर युवा संघ अध्यक्ष अनिल मांदरेचा, संजय गांधी सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में गौमाता भक्त विक्रम बना और पार्थ कुमावत ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान गौसेवा और धर्मभावना का वातावरण बना रहा, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भी प्रेरित और भाव-विभोर नजर आए।