ताजासमाचार

नीमच बस स्टैंड पर भड़की आग—कचरे के ढेर से उठीं लपटें, पास खड़ी बस चपेट में; फायर ब्रिगेड ने टाला बड़ा हादसा

डेस्क न्यूज़ 24 April, 2026 अन्य

नीमच। केंट थाना क्षेत्र स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर शुक्रवार को अचानक कचरे के ढेर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पास खड़ी एक कोठारी बस को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि जहां आग लगी, वहां बसों और ट्रकों के सर्विस सेंटर भी संचालित होते हैं और कई वाहन आसपास खड़े रहते हैं। यदि आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो नुकसान काफी बढ़ सकता था।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार कोठारी बस को बाहरी हिस्से में आंशिक नुकसान हुआ है, जबकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी रही, लेकिन हालात जल्द ही सामान्य हो गए।

स्थानीय लोगों की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Related Post