डेस्क न्यूज़
22 April, 2026
अन्य
मनासा/नीमच। सनातन धर्म और संस्कारों के प्रति बढ़ती आस्था का जीवंत उदाहरण इन दिनों नगर में देखने को मिल रहा है, जहां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एक परंपरा का रूप ले चुका है। इसी क्रम में पार्थ कॉलोनी में 83वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग भक्ति और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के संत चेतनराम जी की प्रेरणा से मंदिरों की इस नगरी में निरंतर सामूहिक पाठ और सत्संग का आयोजन हो रहा है। 83वें आयोजन में लाभार्थी डबकरा परिवार (चचोर) के संजय डबकरा, अनिल डबकरा, अंकित डबकरा, अभय डबकरा सहित पोरवाल समाज अध्यक्ष रामनिवास मंडवारिया, रामपाल मंत्री, शिवनारायण आचार्य, सत्यनारायण धनोतिया, घनश्याम धनोतिया, राधेश्याम पाटीदार, हरिराम हाड़ा और महेश पंचारिया ने श्री हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
भजन संध्या में भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। निरंजन पाराशर ने गणपति वंदना प्रस्तुत की, वहीं राजकुमार मारू ने “मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है” भजन से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। सत्यनारायण सोनी ने हनुमान चालीसा के महत्व को भजन के माध्यम से समझाया, तो अरुण झंवर ने “मेरी झोपड़ी के भाग आज जाग जाएंगे” भजन पर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कमल विजयवर्गीय ने चतुरभुज भक्ति गीत से वातावरण को भक्तिमय बनाया, वहीं गोपाल राठौर और यूट्यूबर गोपाल हिन्दुस्तानी ने अपने भजनों से पूरे पांडाल को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर श्री नृसिंह मंदिर के पुजारी एवं कथाकार गोविंद उपाध्याय ने गौमाता संरक्षण के लिए देशव्यापी अभियान की जानकारी देते हुए उपस्थित जनों से महामहिम राष्ट्रपति के नाम प्रार्थनापत्र सौंपने हेतु सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सनातन सत्संग मंडल द्वारा डबकरा परिवार एवं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आगामी 28 अप्रैल, मंगलवार को रात्रि 8:30 बजे सत्य साईं कॉलोनी, जोगणिया माता मंदिर में आयोजित 84वें श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया।