ताजासमाचार

विपक्ष का जश्न जायज या रणनीतिक हार? महिला आरक्षण विधेयक पर सियासी ‘मास्टर स्ट्रोक’ का विश्लेषण: पंकज मलिक

पंकज मलिक 18 April, 2026 राजनीति

नई दिल्ली/नीमच । 17 अप्रैल 2026 भारतीय राजनीति के लिए एक अहम और प्रतीकात्मक दिन बनकर उभरा। देश की आम जनता के साथ-साथ मातृशक्ति की निगाहें भी लोकसभा में पेश हुए महिला आरक्षण विधेयक पर टिकी थीं। सरकार इस बिल को लेकर उत्साहित थी, लेकिन नतीजा उम्मीद के उलट आया—विधेयक 54 वोटों से गिर गया। पास होने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी, जबकि समर्थन में 298 वोट ही मिले।

करीब 12 वर्षों में यह पहला अवसर रहा जब सत्तापक्ष को संसद में स्पष्ट पराजय का सामना करना पड़ा। लेकिन सियासत के इस खेल में तस्वीर इतनी सीधी भी नहीं है। बिल भले पास नहीं हुआ, पर सरकार महिलाओं के बीच भावनात्मक समर्थन हासिल करने में काफी हद तक सफल दिखाई देती है।

सरकार ने इस विशेष सत्र को ऐसे समय में बुलाया, जब कई राज्यों में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। यह संकेत पहले से ही मिल रहा था कि कोई बड़ा राजनीतिक दांव खेला जाने वाला है। विपक्ष ने बिल का विरोध किया—शायद रणनीति के तहत या मजबूरी में, लेकिन यही विरोध अब उसके लिए राजनीतिक चुनौती बन सकता है।

गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति को देखें तो यह पूरा घटनाक्रम एक सुनियोजित ‘चक्रव्यूह’ जैसा नजर आता है, जिसमें विपक्ष खुद फंसता चला गया। कांग्रेस, टीएमसी, सपा और डीएमके जैसी पार्टियों का विरोध आम महिलाओं के बीच किस रूप में जाएगा, इसका अंदाजा शायद उन्हें उस वक्त नहीं था।

यह भी सच है कि सरकार को पहले से यह आभास था कि उसके पास दो-तिहाई बहुमत नहीं है, फिर भी बिल पेश किया गया। ऐसे में सवाल उठता है, क्या यह एक राजनीतिक रणनीति थी? अगर हां, तो सरकार इसमें काफी हद तक सफल नजर आती है। एक तरफ विपक्ष को महिला विरोधी नैरेटिव में घेरने का प्रयास, और दूसरी तरफ भविष्य की रणनीति को परखने का अवसर—सरकार ने एक तीर से दो निशाने साधने की कोशिश की।

हालांकि, विपक्ष फिलहाल इस जीत का जश्न मना रहा है और बिल की खामियों को गिनाकर अपने रुख को सही ठहराने में लगा है। लेकिन राजनीति में धारणा (perception) ही सबसे बड़ा सच होती है, और यही धारणा आगे चलकर चुनावी नतीजों को प्रभावित करती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के बयान भी इस ओर इशारा करते हैं कि वे इस परिणाम को केवल हार के रूप में नहीं देख रहे, बल्कि इसे एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं।

लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का एक दूसरा पहलू भी है। आज का मतदाता पहले से ज्यादा जागरूक है। वह केवल भावनाओं से नहीं, बल्कि ठोस कदमों से प्रभावित होता है। अगर भाजपा इस मुद्दे का वास्तविक राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, तो उसे इसकी शुरुआत अपने संगठन और सरकार से करनी होगी।

पार्टी और सरकार में 33% महिला भागीदारी सुनिश्चित करना, मंत्रिमंडल और संगठन के हर स्तर पर महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देना—यही वह कदम होंगे जो इस मुद्दे पर सरकार की मंशा को विश्वसनीय बना सकते हैं। अन्यथा, जनता सब देखती है, समझती है और समय आने पर जवाब भी देती है।

Related Post