ताजासमाचार

उत्कृष्ठ मानव सेवा का पर्याय है डायलिसिस सेंटर - दिलीप सिंह परिहार, रोटरी क्लब नीमच द्वारा मानव सेवा समिति को चार डायलिसिस मशीनों का लोकार्पण 

डेस्क न्यूज़ 18 April, 2026 अन्य

नीमच। नीमच मानव सेवा समिति का डायलिसिस सेंटर नीमच अंचल में उत्कृष्ठ मानव सेवा का पर्याय बन चुका है। समिति के समर्पित सदस्यों, कुशल डायलिसिस स्टाफ सहित दानदाताओं की मानवता के प्रति समर्पण, निष्ठा एवं करूणा का प्रतिफल "डायलेसिस सेंटर" समूचे अंचल में आज सेवा का अनूठा प्रकल्प बन चुका है। उक्त उद्गार नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने शासकीय जिला चिकित्सालय स्थित डायलिसिस मशीनों के लोकार्पण समारोह के अवसर पर बतौर अतिथि व्यक्त किए। 

रोटरी अंतरराष्ट्रीय मंडल 3040 के मंडलाध्यक्ष रोटे सुशील मल्होत्रा ने अपने उद्बोधन में व्यक्त किया कि रोटरी अंतरराष्ट्रीय की ग्लोबल ग्रांट GG 2580324 के अंतर्गत सम्पुर्ण मण्डल 3040 के विभिन्न क्लबों को कुल 51 डायलिसिस मशीनें प्रदान की जा रही है और उसी कड़ी में आज रोटरी क्लब नीमच के माध्यम से मानव सेवा समिति को 4 डायलिसिस मशीनें प्रदान की गई हैं जिनका लोकार्पण आज हुआ है। आपने मानव सेवा समिति द्वारा संचालित यह डायलिसिस सेंटर की उच्च श्रेणी की साफ़ सफाई एवं व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि कहा कि इन मशीनों की स्थापना से निश्चित ही यह सेंटर और अधिक क्षमता से काम करेगा और रोगियों की डायलिसिस सुविधा मे विस्तार होगा साथ ही किडनी रोगियों की वेटिंग लिस्ट भी समाप्त होगी । 

स्वागत उद्बोधन देते हुए मानव सेवा समिति नीमच अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल ने कहा कि डायलिसिस  सेंटर पर 12 डायलिसिस मशीनों से प्रतिदिन 3 शिफ्टों में किडनी रोगियों को डायलिसिस सेवा प्रदान की जा रही है। परंतु किडनी रोगियों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है और वर्तमान 12 डायलिसिस मशीनें भी कम पड़ने लगी हैं। किडनी रोगियों को समय पर डायलिसिस हो सके अतः नीमच मानव सेवा समिति ने डायलिसिस सेंटर पर और अधिक मशीनों की स्थापना के लिए नवीन हाल का निर्माण कार्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराई तथा रोटरी क्लब एवं दानदाताओं के सहयोग से आज 4 नवीन मशीनें और स्थापित की है। 
रोटरी क्लब नीमच की ओर से स्वागत उद्बोधन क्लब अध्यक्ष रोटे गिरधारीलाल गोयल ने दिया और कहा कि यह कार्यक्रम रोटरी क्लब  नीमच की अनवरत संचालित गतिविधियों की श्रृंखला में आयोजित है।
इस अवसर पर रोटरी ग्लोबल ग्रांट में सहयोगी डायलिसिस मशीनों के दानदाताओं कमला देवी भंसाली,  सुबोध भंसाली एवं मनोज  भंसाली, गिरधारी लाल गोयल, विष्णुजी बिंदल परिवार एवं रोटरी मंडलाध्यक्ष सुशील मल्होत्रा एवं रूबी मल्होत्रा को पुष्पहार, दुपट्टा एवं आभार पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मानव सेवा समिति की ओर से समिति के सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए समिति सदस्य श्री जम्बू कुमार जैन ने उल्लेख किया कि कोरोना काल से स्थापित इस सेंटर पर श्रेष्ठ डायलिसिस मशीनों, प्रशिक्षित स्टाफ एवं सुसज्जित तथा उच्च सुविधाओं के साथ यह डायलिसिस सेन्टर रोगी कल्याण समिति के साथ समन्वय स्थापित कर नीमच मानव सेवा समिति  के माध्यम से अंचल में किडनी रोगियों के लिए वरदान साबित हो रहा है। आपने बताया कि वर्तमान में 85 रोगियों को डायलिसिस सेवाएं इस सेंटर पर प्रदान की जा रही है और सेंटर स्थापना माह सितंबर 2020 से मार्च 2026 तक डायलिसिस सेंटर पर 34598 किडनी रोगियों की डायलिसिस की जा चुकी है जो एक रिकॉर्ड है। 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं रोटरी जनक पालपी हैरिस के चित्रपट पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्पण के साथ संपन्न हुआ। लोकार्पण समारोह के गरिमामय मंच पर रोटरी अंतरराष्ट्रीय मंडल 3040 के मंडलाध्यक्ष रोटे सुशील मल्होत्रा, , विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, रोटरी मण्डल की प्रथम महिला श्रीमती रूबी मल्होत्रा, सिविल सर्जन डॉ महेंद्र पाटिल, दानदाता परिवार की श्रीमती कमलादेवी भंसाली एवं श्री पारस जी भंसाली, समिति अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल, रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटे गिरधारीलाल गोयल,समिति सचिव प्रवीण कुमार शर्मा एवं रोटरी क्लब सचिव रोटे सुनील डबकरा सहित संदीप बंसल विराजित थे।

रोटरी के चतुर्विद मंत्र का वाचन रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष रोटे सुरेश सोडानी ने किया। कार्यक्रम का सफल एवं रचनात्मक संचालन रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं मानव सेवा समिति के सहसचिव पुरुषोत्तम गुप्ता ने किया। अतिथियों का स्वागत नीमच मानव सेवा समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण कुमार गोयल,सचिव प्रवीण कुमार शर्मा, श्री जंबुकुमार जैन, उपाध्यक्ष श्री महेश गर्ग, कोषाध्यक्ष श्री आशीष अग्रवाल, सहसचिव श्री संदीप बंसल आदि ने किया। रोटरी क्लब की ओर से क्लब अध्यक्ष रोटे.गिरधारीलाल गोयल, सचिव रोटे.सुनील डबकरा ने किया।
अंत में सभी के प्रति आभार समिति सचिव प्रवीण शर्मा ने प्रकट किया और बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष्मान एवं बीपीएल कार्ड धारक रोगियों हेतु निशुल्क डायलिसिस की जाती है एवं अन्य रोगियों को नाम मात्र के शुल्क पर डायलिसिस सेवा प्रदान की जा रही हे। हेपेटाइटिस बी एवं हेपेटाइटिस सी के रोगियों के लिए प्रथक मशीन पर डायलिसिस सेवा भी इस डायलिसिस सेंटर पर उपलब्ध है। 

लोकार्पण समारोह में रोटरी क्लब नीमच, मंदसौर एवं मनासा एवं नीमच मानव सेवा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, पत्रकार बंधु, जिला चिकित्सालय  के सम्माननीय चिकित्सक गण एवं स्टाफ डायलिसिस सेंटर के स्टाफगण तथा आम जन बड़ी मात्रा में उपस्थित थे।

Related Post