ताजासमाचार

नीमच में कलेक्टर का एक्शन मोड: स्टॉप डैम पर लापरवाही उजागर, अधिकारियों को नोटिस—तालाब कार्य की सराहना

द वाॅचमेन पोस्ट 15 April, 2026 प्रशासनिक

नीमच। जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को रतनगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोराई के ग्राम सांडा का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉप डैम निर्माण में खामियां मिलने पर सख्त रुख अपनाया, जबकि बेहतर कार्य पर सराहना भी की।
करीब 12.13 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्टॉप डैम (एनीकट) का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कार्य की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही, स्टॉप डैम के लिए उपयुक्त स्थल चयन नहीं करने पर जनपद पंचायत जावद के सीईओ, उपयंत्री प्रशांत गुप्ता और संबंधित सहायक यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अब तक हुए कार्य का पुनः मूल्यांकन कराने के भी निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम सांडा में ही वन क्षेत्र से लगी पहाड़ियों के नीचे बन रहे 38 लाख रुपये लागत के तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने इस परियोजना के स्थल चयन की सराहना करते हुए कहा कि इससे बड़े पैमाने पर जल भंडारण होगा और वन्य प्राणियों को भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। अधिकारियों के अनुसार, यह तालाब करीब डेढ़ माह में पूर्ण होगा, जिसकी पाल की ऊंचाई 8 मीटर और जल संग्रहण क्षमता लगभग 10 हजार घन मीटर होगी। कलेक्टर ने तालाब की पाल की पिचिंग कार्य को गुणवत्तापूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने 25 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित एक अन्य तालाब के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया और इसे उपयुक्त बताया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम प्रीति संघवी, जनपद सीईओ शैलेंद्र आदिवासी, कार्यपालन यंत्री बी.एल. कतीजा, सहायक यंत्री महादेव प्रसाद कौशल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post