ताजासमाचार

CRPF का DIG बनकर झाड़ रहा था रौब ! लाल बत्ती वाली कार से खुली पोल, युवक गिरफ्तार

डेस्क न्यूज़ 13 April, 2026 अन्य

देवास। शहर में रविवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक युवक खुद को CRPF का डीआईजी बताकर घूम रहा था। कोतवाली पुलिस ने उसे बस स्टैंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को उस समय संदेह हुआ जब बस स्टैंड इलाके में एक स्विफ्ट डिजायर कार पर लाल बत्ती लगी दिखाई दी। कार में बैठे युवक ने खुद को CRPF का डीआईजी बताते हुए अपना नाम सौरभ राणा, निवासी भोपाल बताया। हालांकि पुलिस को उसके व्यवहार और दस्तावेजों पर शक हुआ।

सख्ती से पूछताछ करने पर युवक की सच्चाई सामने आ गई। जांच में पाया गया कि वह कोई डीआईजी नहीं है और उसके पास मिला पहचान पत्र भी पूरी तरह फर्जी है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर कोतवाली थाने पहुंचाया।

पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी ने खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताकर कहीं ठगी या अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम तो नहीं दिया। उसके साथ मौजूद मोहन नाम के कार चालक को भी हिरासत में लिया गया है, जो भोपाल का रहने वाला बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी 4-5 बार देवास आ चुका है। गिरफ्तारी वाले दिन वह नलखेड़ा माता के दर्शन करने के बाद देवास पहुंचा था। यहां माता टेकरी पर दर्शन करने के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में खरीदारी के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318, 319 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Post