ताजासमाचार

नीमच की राजनीति में बड़ा उलटफेर : कांग्रेस के दिग्गज सम्राट दीक्षित ने थामा भाजपा का दामन, कांग्रेस को झटका

डेस्क न्यूज़ 12 April, 2026 अन्य

नीमच/मनासा। क्षेत्रीय राजनीति में एक अहम और चर्चित बदलाव सामने आया है, जहां लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े वरिष्ठ नेता, पार्षद प्रतिनिधि एवं पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सम्राट दीक्षित ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। उनके इस कदम ने स्थानीय सियासत में हलचल तेज कर दी है और आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

सम्राट दीक्षित को भाजपा में शामिल कराने के दौरान विधायक अनिरुद्ध माधव मारु, जिला प्रभारी सुभाष पटेल और जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे संगठन की बढ़ती ताकत और जनाधार का प्रमाण बताया।

सम्राट दीक्षित का बयान
रामपुरा के कांग्रेस नेता सम्राट दीक्षित ने अपने भाजपा में आने की पुष्टि की है उन्होंने कहा है कि मन परिवर्तन हुआ है इसीलिए भाजपा में आया हूं और कांग्रेस से भाजपा में आने का जो कारण है,उसका मैं उपयुक्त समय आने पर ही खुलासा करूंगा।


 भाजपा ने बताया—विकास और विश्वास की जीत
विधायक अनिरुद्ध माधव मारु ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार जनसेवा, विकास और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है, जिसके चलते अन्य दलों के नेता और कार्यकर्ता तेजी से भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्राट दीक्षित के अनुभव और जनसंपर्क से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

 स्थानीय राजनीति में असर तय
सम्राट दीक्षित का भाजपा में शामिल होना सिर्फ एक राजनीतिक बदलाव नहीं, बल्कि नीमच-मनासा क्षेत्र में बदलते जनाधार और सियासी रुझानों का संकेत भी माना जा रहा है।

Related Post