डेस्क न्यूज़
11 April, 2026
अन्य
नीमच। समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर शनिवार को नीमच शहर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ भव्य आयोजन किया गया। फुलोरिया माली समाज नवयुवक मंडल के तत्वावधान में निकाली गई वाहन रैली पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र बनी रही और फुले के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नीमच सिटी स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर से हुई, जहां समाज के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए। इस दौरान भगवान सांवलिया सेठ और महात्मा फुले के चित्रों पर माल्यार्पण कर आयोजन का शुभारंभ किया गया।
इसके बाद डीजे और भजनों की धुन पर उत्साहपूर्ण माहौल में वाहन रैली निकाली गई, जिसमें युवा और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली में शामिल लोग धर्म ध्वज लेकर कतारबद्ध तरीके से चल रहे थे, वहीं खुली जीप में भगवान सांवलिया सेठ और महात्मा फुले के चित्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
रैली नीमच सिटी से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—बस स्टैंड, बारादरी, घंटाघर, पुस्तक बाजार, भारत माता चौराहा, कमल चौक, फव्वारा चौक, मेसी शोरूम चौराहा, डाक बंगला और यादव मंडी से होकर गुजरी। इस दौरान जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया।
रैली का समापन पुनः सांवलिया सेठ मंदिर परिसर में हुआ, जहां विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में महात्मा फुले के जीवन, संघर्ष और समाज सुधार में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज सेवा के लिए संकल्प लिया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।