ताजासमाचार

 नीमच CBN का डबल एक्शन : राजस्थान में गांजा और डोडाचूरा की बड़ी खेप जब्त, तस्करों में हड़कंप

डेस्क न्यूज़ 09 April, 2026 अन्य

नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए राजस्थान में दो अलग-अलग ऑपरेशन में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 1800 किलो से ज्यादा गांजा और डोडा चूरा बरामद हुआ है, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की गहराई उजागर हो गई है।

पहला प्रकरण: घर बना था गांजे का गोदाम
CBN नीमच की टीम को मिली सटीक खुफिया सूचना के आधार पर 6 अप्रैल 2026 को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार क्षेत्र के ग्राम मिनाना में एक मकान पर दबिश दी गई।
तलाशी के दौरान काले प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखा गया 223.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह गांजा उड़ीसा से तस्करी कर यहां लाया गया था और बड़े नेटवर्क के जरिए सप्लाई की तैयारी थी।
इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।

दूसरा प्रकरण: हाईवे पर फिल्मी अंदाज में पीछा, ट्रक से निकला नशे का जखीरा
दूसरी कार्रवाई में CBN को सूचना मिली कि एक कंटेनर ट्रक के जरिए भारी मात्रा में डोडा चूरा मध्य प्रदेश से राजस्थान के बीकानेर ले जाया जा रहा है।
7 अप्रैल को नागौर जिले के पाडू कला बायपास पर CBN टीम ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए टीम के वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया और तेज रफ्तार में भाग निकला।
CBN टीम ने जोखिम उठाते हुए पीछा किया… दबाव बढ़ता देख चालक चलती गाड़ी से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया।
जब ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें से 1612.230 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ—जो अंतरराज्यीय तस्करी का बड़ा संकेत है।
इस पूरे ऑपरेशन में राजस्थान की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर नाकाबंदी की गई, जिसके बाद ट्रक को कब्जे में लेकर पाडूकलां थाने पहुंचाया गया।

दोनों मामलों में NDPS एक्ट, 1985 के तहत मादक पदार्थों को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और तस्करी नेटवर्क के अन्य लिंक खंगाले जा रहे हैं।

Related Post