द वॉचमेन पोस्ट
08 April, 2026
टीकमगढ़. मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। नगरीय प्रशासन विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार खान उर्फ पप्पू मलिक को पद से हटा दिया है। साथ ही उन्हें आगामी 5 वर्षों तक किसी भी चुनाव में भाग लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इस फैसले के बाद बुंदेलखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार पप्पू मलिक के खिलाफ प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद 26 फरवरी 2026 को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
मामला बाद में हाईकोर्ट तक पहुंचा, जहां न्यायालय के निर्देश पर उन्हें जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई और जवाब प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। पप्पू मलिक ने 1 अप्रैल को अपना जवाब भी प्रस्तुत किया, लेकिन शासन उनके स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हुआ।
आरोपों की गंभीरता को देखते हुए नगरीय प्रशासन विभाग ने 19 पृष्ठों का विस्तृत आदेश जारी करते हुए उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया। आदेश में विभिन्न प्रशासनिक और वित्तीय गड़बड़ियों का उल्लेख किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया है। वहीं, टीकमगढ़ की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।