कपिलसिंह चौहान
06 April, 2026
राजनीति
नीमच | भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आज नीमच जिला भाजपा के इतिहास में नये स्वर्णिम अध्याय कि शुरुआत हुई । जिला भाजपा के हजारों पूर्व और वर्तमान कार्यकर्ताओं के 'सपने' को वास्तविकता में बदलने का शिलान्यास हुआ। शहर के हृदय स्थल (पुरानी नगर पालिका, बंगला नंबर 60) में भाजपा के नवीन जिला कार्यालय का भूमि पूजन पूरे विधि-विधान, अभूतपूर्व उत्साह, हर्षोल्लास और एकजुटता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में जिले के तमाम दिग्गज नेता एक मंच पर नजर आए।
भक्तिमय मंत्रोच्चार और गूंजती आतिशबाजी
समारोह का शुभारंभ विद्वान पंडितों द्वारा किए गए मंगलकारी वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ हुआ। जैसे ही भूमि पूजन की पहली ईंट रखी गई, पूरा परिसर 'भारत माता की जय' और 'जय श्री राम' के उद्घोष से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक पल का स्वागत गगनभेदी आतिशबाजी और ढोल-ढमाकों के बीच किया गया।
मातृशक्ति का वंदन और कार्यकर्ताओं का अनूठा जोश
कार्यक्रम की सबसे सुंदर तस्वीर तब देखने को मिली जब 'मातृशक्ति' ने आगे बढ़कर अतिथियों का पारंपरिक अभिनंदन किया। स्थानीय महिलाओं ने तिलक लगाकर और सम्मानपूर्वक दुपट्टा पहनाकर नेताओं का आत्मीय स्वागत किया। वरिष्ठों को साफा बांधा गया। भूमि पूजन के पश्चात कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर था; ढोल-नगाड़ों की थाप पर पार्टी के कार्यकर्ता जमकर थिरके। यह नजारा कार्यकर्ताओं के अटूट समर्पण और उत्साह को बयां कर रहा था। WP
वरिष्ठ नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में मुख्य रूप से प्रदेश मुख्यालय, भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने वर्चुअली जुड़कर कार्यक्रम को संबोधित किया। स्थानीय कार्यक्रम में संगठन की ओर से संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, मंदसौर-नीमच क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, पिछड़ा वर्ग प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष पवन पाटीदार, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा मंचासीन रहे । WP
स्नेहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन
आयोजन के अंत में सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए सामूहिक 'स्नेहभोज' का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि यह नया कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि आने वाले समय में जिले की जन-सेवा और संगठन की गतिविधियों का मुख्य शक्ति केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। WP