डेस्क न्यूज़
05 April, 2026
अन्य
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में लगातार विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए वार्ड क्रमांक 35 की अटल बस्ती को बड़ी सौगात दी गई है। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन में यहां पहली बार सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य शुरू किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
रविवार 5 अप्रैल को नपाध्यक्ष ने अटल बस्ती पहुंचकर 25 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बन रहे 480 मीटर लंबे और 3 मीटर चौड़े सीसी रोड तथा 750 मीटर लंबी नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंजीनियर और ठेकेदार को कार्य गुणवत्ता पूर्ण और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्र के महिला-पुरुषों ने नपाध्यक्ष का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत करते हुए सड़क और नाली निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया।
नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां अभी भी अंधेरा है, वहां विकास का दीप जलाना जरूरी है। इसी क्रम में पहले अटल बस्ती में सुलभ शौचालय की सुविधा दी गई थी और अब सीसी रोड व नाली निर्माण कराया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि नगर पालिका हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह कार्य लगातार जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान मंडल उपाध्यक्ष मनीष गर्ग, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता नंदकिशोर शर्मा (नंदू काका), पार्षद आलोक सोनी, योगेश कवीश्वर, रूपेंद्र लॉक्स, नपा इंजीनियर अन्नू सोलंकी, लोक निर्माण विभाग के अब्दुल नईम, अर्जुन राठौर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
नपाध्यक्ष को अपने बीच पाकर अटल बस्ती के लोग खासे उत्साहित नजर आए। क्षेत्रवासियों ने बताया कि पहले सुलभ कॉम्प्लेक्स बनाकर उन्हें खुले में शौच से मुक्ति दिलाई गई और अब सड़क व नाली निर्माण से कीचड़ और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी।