ताजासमाचार

नीमच में भाजपा जिला कार्यालय का भूमि पूजन 6 अप्रैल को, CM डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वर्चुअल रूप से होंगे शामिल

डेस्क न्यूज 04 April, 2026 अन्य

नीमच। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर इस वर्ष प्रदेशभर में विशेष उत्साह और भव्यता के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संगठन को मजबूत आधार देने की दिशा में पार्टी द्वारा विभिन्न जिलों में आधुनिक जिला कार्यालयों के निर्माण का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नीमच जिले में नए भाजपा जिला कार्यालय के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम 6 अप्रैल सोमवार को सुबह 10 बजे बंगला नंबर 60, पुरानी नगर पालिका परिसर में आयोजित किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल  वर्चुअल शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रभारी मंत्री निर्मला भुरिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष सीए अखिलेश जैन, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, ओमप्रकाश सकलेचा, अनिरुद्ध माधव मारू और जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पार्टी द्वारा सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

प्रदेश स्तर पर भाजपा द्वारा कुल 18 जिलों में एक साथ नए और आधुनिक जिला कार्यालयों का निर्माण प्रस्तावित है। स्थापना दिवस के अवसर पर इन सभी जिलों में एक साथ भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

प्रस्तावित जिला कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। इनका निर्माण लगभग 8 से 12 हजार वर्गफीट क्षेत्र में किया जाएगा, जिस पर 1.5 से 2.5 करोड़ रुपये तक की लागत आने का अनुमान है। भवनों में मीटिंग हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, डिजिटल सिस्टम, कंप्यूटर कक्ष और कार्यकर्ताओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

पार्टी ने इन भवनों का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि वर्ष 2027 तक इनका पूर्ण उपयोग शुरू किया जा सके।

यह आयोजन न केवल संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, बल्कि नीमच जिले की राजनीति में भी इसकी खास अहमियत देखी जा रही है।

Related Post