द वॉचमेन पोस्ट
04 April, 2026
अन्य
नीमच। उज्जैन संभाग स्तरीय विभागीय अधिकारी/कर्मचारी क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन 1 एवं 2 अप्रैल 2026 को शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच के खेल मैदान पर सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में उज्जैन, मंदसौर, देवास, शाजापुर, आगर मालवा एवं नीमच की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी सुजान मल मांगरिया, सहायक संचालक मनोज जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.एन. परमार, संयोजक प्राचार्य ओमप्रकाश बंसल एवं सह-संयोजक भरत सिंह कुमावत की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यायाम शिक्षक, खेल शिक्षक एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में शाजापुर ने आगर मालवा को हराया, जबकि देवास ने मंदसौर को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में नीमच ने उज्जैन को हराकर फाइनल में जगह बनाई, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में देवास ने शाजापुर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। नीमच ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 8 विकेट खोकर 89 रन बनाए। टीम की ओर से कमलेश धाकड़ ने नाबाद 25 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मनोज अहीर (15) और मान सिंह गेहलोत (13) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवास की टीम निर्धारित ओवरों में 73 रन ही बना सकी और 16 रनों से मुकाबला हार गई। इस जीत के साथ नीमच ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबले में अंपायर की भूमिका मो. रफीक एवं जितेंद्र गुर्जर ने निभाई।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में वेंकटेश्वर जाट, अजय नागोरी, दिनेश धाकड़, भारत सिंह परिहार, राजेश शर्मा, करण सिंह परिहार एवं युवराज सिंह का विशेष सहयोग रहा। यह आयोजन खेल भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।