डेस्क न्यूज
03 April, 2026
अन्य
नीमच। नगर पालिका नीमच का स्विमिंग पूल 5 अप्रैल से आमजन के लिए प्रारंभ होने जा रहा है। स्विमिंग पूल को शुरू करने के लिए साफ-सफाई और अन्य आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार भी परिषद के संकल्प अनुसार स्विमिंग पूल में प्रवेश केवल मासिक पास धारकों के लिए ही रहेगा। मासिक पास का शुल्क एक माह के लिए ₹1000 निर्धारित किया गया है, जिसे बनवाकर कोई भी व्यक्ति तैराकी का आनंद ले सकता है।
स्विमिंग पूल प्रभारी उप यंत्री अरविंद सिंह के अनुसार, महिलाओं के लिए प्रतिदिन सुबह 6 से 7 बजे तथा शाम 6 से 7 बजे तक समय निर्धारित किया गया है। वहीं पुरुषों के लिए सुबह 7 से 8, 8 से 9, 9 से 10 बजे तक और शाम 4 से 5 तथा 5 से 6 बजे तक तैराकी का समय तय किया गया है। प्रत्येक सोमवार को रखरखाव के कारण स्विमिंग पूल बंद रहेगा।
तैराकी के इच्छुक लोगों को मासिक पास बनवाने के लिए आवेदन पत्र के साथ एक शपथ पत्र देना होगा, जिसमें उन्हें स्विमिंग पूल के सभी नियमों का पालन करने और किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी स्वयं की होने की सहमति देनी होगी।
प्रभारी ने बताया कि नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया और जलकल सभापति छाया जायसवाल की उपस्थिति में हुई बैठक में स्विमिंग पूल के रिनोवेशन और उसकी वर्तमान 18 फीट गहराई को नए मानकों के अनुसार कम करने का भी निर्णय लिया गया है।
मासिक पास बनवाने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक महिला-पुरुष स्विमिंग पूल से आवेदन पत्र प्राप्त कर आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो और ₹1000 शुल्क जमा कर अपना पास बनवा सकते हैं।