न्यूज डेस्क
20 May, 2025
राजनीति
नीमच। आज मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को तत्काल बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग की है। पार्टी ने दोनों नेताओं पर भारतीय सेना और सैनिकों के अपमान का गंभीर आरोप लगाया है। जिसको लेकर आप पार्टी ने पाकिस्तान, तुर्की, चीन के झंडे व विजय शाह का पोस्टर सड़क पर लगाकर प्रदर्शन किया। साथ ही सेना के ऊपर इस तरह विवादित बयान को लेकर पाकिस्तान, तुर्की, चीन सहित विजय शाह का पोस्टर जलाये गए ओर जमकर नारे बाजी की गई।
विजय शाह पर गंभीर आरोप, फिर भी बर्खास्त नहीं
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि मंत्री विजय शाह ने एक बयान में भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर अपमानजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें "आतंकवादियों की बहन" करार दिया। पार्टी का कहना है कि शाह ने सेना का मनोबल तोड़ने का कुत्सित प्रयास किया है। इस मामले में हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए शाह के खिलाफ विभिन्न धाराओं 152, 196 (1) बी, और 197 के तहत मामला दर्ज करवाया है, जो कानून में गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आते हैं। पार्टी ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे देश में आक्रोश होने के बावजूद सरकार ने अभी तक शाह को बर्खास्त नहीं किया है।
जगदीश देवड़ा पर सेना के अपमान का आरोप
वहीं, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा पर भी भारतीय सैनिकों और भारतीय सेना को प्रधानमंत्री के "चरणों में नतमस्तक" होने का अपमानजनक बयान देने का आरोप है। AAP ने इस बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि यह देश की सेना और देशभक्त नागरिकों का अपमान है और देशद्रोह के समान है। पार्टी ने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि इस बयान के बाद भी देवड़ा को अभी तक पद से नहीं हटाया गया है।
आम आदमी पार्टी की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने सरकार से तत्काल प्रभाव से दोनों मंत्रियों को उनके पद से बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की जाती है, तो आम आदमी पार्टी आगे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।