ताजासमाचार

मौसम का ‘डबल वार’! राहत भी… और किसानों पर आफत भी, नीमच में बारिश-ओलावृष्टि से बदला माहौल, खेतों में बढ़ी चिंता

द वॉचमेन पोस्ट 30 March, 2026 अन्य

नीमच। जिले में मौसम ने ऐसा यू-टर्न लिया कि लोगों को एक साथ राहत और चिंता दोनों का सामना करना पड़ा। दिनभर की झुलसाती गर्मी और उमस के बाद शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि ने दस्तक दे दी।
बारिश ने जहां आम लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं खेतों में गिरे ओलों ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। फसलों को संभावित नुकसान की आशंका के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता का माहौल है।
शहर में ठंडी हवाओं और बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया, लेकिन ग्रामीण इलाकों में यह बदलाव राहत से ज्यादा नुकसान की आशंका लेकर आया है। कुछ क्षेत्रों में हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हो सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में बने सिस्टम और छत्तीसगढ़ की ओर से गुजर रही ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। यही वजह है कि आने वाले दिनों में भी तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है।

Related Post