डेस्क न्यूज़
30 March, 2026
अन्य
नीमच। शहर के बघाना स्थित द्वारकापुरी कॉलोनी में रहने वाली एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर प्रताड़ना, मारपीट और संपत्ति हड़पने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़िता किरण के परिजन व उसके पति टीकम यादव ने पुलिस अधीक्षक के नाम केंट थाने के टीआई को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, किरण का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व टीकम यादव के साथ पारिवारिक सहमति से हुआ था। विवाह के बाद से ही सास शांति बाई तथा जेठ हेमंत यादव और रोहित यादव द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष ने विवाह में मिले गहनों को बिना अनुमति बेच दिया और घर का कीमती सामान भी हड़प लिया।
विरोध करने पर किरण और उसके पति को जान से मारने की धमकियां दी गईं। हाल ही में सास द्वारा किरण को घर से निकालने और घर का सामान बेचने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता के अनुसार, जब वह अपने बीमार पति की देखभाल के लिए जिला अस्पताल में थी, तब आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर शेष सामान भी बेच दिया और घर को अस्त-व्यस्त कर दिया।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सास द्वारा तांत्रिक क्रियाओं के जरिए डराने-धमकाने का प्रयास किया जाता है, जिससे दंपति भयभीत है। 27 मार्च को घर पहुंचने पर आरोपियों द्वारा मारपीट, अश्लील गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है।
घटना से आहत होकर पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर पीड़िता और उसके पति को न्याय दिलाने की मांग की है।