ताजासमाचार

नाकोड़ा पंचतीर्थ यात्रियों का भव्य स्वागत, संघ पूजा के साथ हुआ अभिनंदन

डेस्क न्यूज़ 29 March, 2026 अन्य

नीमच। ऑल इंडिया श्वेताम्बर स्थानकवासी जैन कॉन्फ्रेंस (म.प्र.) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विमल तांतेड़ एवं संघपति विरेंद्र भंडारी (इंदौर) के नेतृत्व में लगभग 100 श्रद्धालुओं का नाकोड़ा पंचतीर्थ यात्रा संघ नीमच पहुंचा, जहां उनका भव्य एवं भावभीना स्वागत किया गया।

यात्रा संघ के आगमन पर राष्ट्रीय जैन कॉन्फ्रेंस, नई दिल्ली के कार्यकारिणी सदस्य एवं जैन कॉन्फ्रेंस नीमच के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा स्थानकवासी जैन समाज के मंत्री मनोहरलाल बंब के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन जैन कॉन्फ्रेंस के जिला मंत्री रवि वीरवाल के फार्म हाउस पर संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान सभी यात्रियों एवं संघपति परिवार का माला, दुपट्टा एवं प्रभावना भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विधिवत संघ पूजा भी सम्पन्न हुई, जिसमें समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन का माहौल श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह से ओतप्रोत रहा।

उपस्थित समाजजनों ने यात्रा संघ के सभी सदस्यों को मंगलमय एवं सफल तीर्थयात्रा की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के पश्चात सभी ने प्रेमपूर्वक सहभोज ग्रहण किया और इसके बाद यात्रा संघ नाकोड़ाजी तीर्थ के लिए प्रस्थान कर गया।

इस अवसर पर दिवाकर संगठन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील लाला बंब, नीमच सिटी स्थानकवासी मंत्री विजय बाफना, डॉ. बी.एल. बोरीवाल, जितेंद्र सकलेचा, प्रशांत श्रीमाल, रवि वीरवाल, ऑल इंडिया जैन कॉन्फ्रेंस की पूर्व राष्ट्रीय महिला उपाध्यक्ष श्रीमती आशा सांभर, रानी राणा, रेखा जैन, माया वीरवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Post