ताजासमाचार

मादक पदार्थों के विरुद्ध CBN का सख्त अभियान: दो बड़ी कार्रवाइयों में अफीम बरामद व अवैध खेती का भंडाफोड़

डेस्क न्यूज़ 29 March, 2026 अन्य

जयपुर | केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) द्वारा देशभर में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत राजस्थान में लगातार प्रभावी कार्रवाइयाँ की जा रही हैं। इसी क्रम में CBN, जयपुर एवं भीलवाड़ा इकाइयों द्वारा हाल ही में दो महत्वपूर्ण ऑपरेशन सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए, जिनमें अवैध अफीम की तस्करी एवं खेती के विरुद्ध निर्णायक कदम उठाए गए।

पहली कार्रवाई: 03.556 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद, तस्कर गिरफ्तार--
दिनांक 27 मार्च 2026 को प्राप्त विशिष्ट एवं विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर CBN, जयपुर सेल की एक विशेष टीम का गठन किया गया। सूचना के अनुसार एक व्यक्ति निंबाहेड़ा–चित्तौड़गढ़ हाईवे पर मोटरसाइकिल के माध्यम से अवैध अफीम की तस्करी कर रहा था।
टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति की निगरानी की गई और निंबाहेड़ा क्षेत्र में महुड़ा सर्कल के पास उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में छिपाकर रखे गए बैग से कुल 03.556 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया तथा अफीम एवं वाहन को विधिसम्मत रूप से जब्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

दूसरी कार्रवाई: अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश, 1098 पौधे जब्त--
एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में CBN, भीलवाड़ा की टीम ने दिनांक 28 मार्च 2026 को ग्राम झालारा, थाना एवं तहसील आसींद, जिला भीलवाड़ा में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया।
गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने क्षेत्र में गहन निगरानी की और संदिग्ध खेतों की पहचान की। जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी द्वारा प्याज की फसल के बीच सुनियोजित तरीके से अफीम के पौधे उगाए गए थे, ताकि अवैध खेती को छिपाया जा सके।
CBN टीम द्वारा मौके पर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए कुल 1098 अवैध अफीम के पौधे जब्त किए गए। इस प्रकरण में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

एजेंसी द्वारा तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चेन और संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, सीमावर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और खुफिया तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित एजेंसी या स्थानीय प्रशासन को दें। समाज के सहयोग से ही इस गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

Related Post