कपिलसिंह चौहान
27 March, 2026
राजनीति
मंदसौर। (कपिल सिंह चौहान) मंदसौर संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता के भाई प्रदीप गुप्ता की एक ताजा सोशल मीडिया पोस्ट ने शहर के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल मचा दी है। प्रदीप गुप्ता द्वारा साझा की गई एक तस्वीर और उसके साथ लिखे संदेश ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर उनका निशाना किस पर है।
क्या है पोस्ट में?
प्रदीप गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक ऐसी तस्वीर साझा की है जिसमें ऊपर शेर की खाल टंगी दिखाई दे रही है और नीचे एक गधे की तस्वीर है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा है— “टूटेंगे सारे भ्रम एक दिन”।
इशारों-इशारों में तंज?
सांसद सुधीर गुप्ता के भाई प्रदीप गुप्ता द्वारा बिना किसी का नाम लिए की गई यह पोस्ट स्पष्ट रूप से किसी व्यक्ति, व्यवस्था या परिस्थिति पर तंज कसती नजर आ रही है। पत्रकार नरेंद्र धनोतिया के अनुसार, यह पोस्ट इस समय चर्चा का केंद्र बनी हुई है और लोग इसका अर्थ निकालने में जुटे हैं। पोस्ट की भाषा और प्रतीकों (शेर की खाल और गधा) से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि यह किसी ऐसे व्यक्ति की ओर इशारा है जो अपनी वास्तविकता छुपाकर कुछ और होने का दिखावा कर रहा है।
शहर में कयासों का बाजार गर्म
इस पोस्ट के सामने आने के बाद मंदसौर के राजनीतिक हल्कों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, प्रदीप गुप्ता ने इसमें किसी का नाम या स्पष्ट संदर्भ नहीं दिया है, जिससे मामला पूरी तरह कयासों पर आधारित बना हुआ है। गौरतलब है कि प्रदीप गुप्ता पहले भी इस तरह की संकेतात्मक और चर्चा पैदा करने वाली पोस्ट साझा करते रहे हैं।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और हर कोई यह जानने को उत्सुक हैं “कि आखिर कौन है वो जो भ्रमित कर रहा है, छलावा कर रहा है”? और " कैसे यह भ्रम टूटने वाला है?"
