डेस्क न्यूज़
27 March, 2026
अन्य
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम चल्दू में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु सांवरिया सेठ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीहोर जिले की आष्टा तहसील के ग्राम भंगोलिया खींची निवासी तीन भाई कार से राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मंडफिया (सांवरिया जी) के दर्शन के लिए निकले थे। रास्ते में उन्होंने सांवलिया होटल पर भोजन किया और इसके बाद अपनी यात्रा जारी रखी।
बताया जा रहा है कि रात करीब 12:30 बजे जब वे चलदू गांव के पास पहुंचे, तभी कार चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पुलिया के नीचे जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद चालक राजकुमार (32 वर्ष), पिता शुभक सिंह धनगर, निवासी ग्राम भंगोलिया खींची, आष्टा को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार में सवार ब्रजमोहन और जितेंद्र को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। जीरन पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।