डेस्क न्यूज़
26 March, 2026
अन्य
नीमच। पावन पर्व रामनवमी के अवसर पर नीमच के उपनगर बघाना स्थित बालाजी धाम मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, और “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।
रामनवमी के शुभ अवसर पर गुरुवार को प्रातः 8 बजे से एक दिवसीय अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं। मंदिर परिसर में लगातार रामायण पाठ, भजन और कीर्तन चल रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा हुआ है।
विशेष रूप से शुक्रवार को दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में भगवान श्रीराम के प्राकट्य के पावन क्षण पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान श्रीराम की आराधना करेंगे। महाआरती के पश्चात सभी भक्तों को प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
मंदिर में पिछले नौ दिनों से चल रहे हवन अनुष्ठान का समापन 27 मार्च को प्रातः 10 बजे पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा। इस अनुष्ठान में भी क्षेत्र के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
रामनवमी के इस पावन पर्व पर बालाजी धाम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे बघाना क्षेत्र को धार्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और वातावरण पूरी तरह भक्ति रस में डूबा हुआ है।