डेस्क न्यूज़
23 March, 2026
अन्य
नीमच | जिले के जनपद पंचायत जीरन अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटड़ी ईस्तमुरार से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां शासकीय पेयजल व्यवस्था के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और तोड़फोड़ की घटना ने पूरे गांव को जल संकट में डाल दिया है।
बताया जा रहा है कि गांव के शासकीय पेयजल कुएं पर अज्ञात नहीं बल्कि एक नामजद व्यक्ति, अरुण सिंह पिता प्रहलाद सिंह परिहार, पर मोटर से जुड़े पाइप काटने और मोटर को कुएं में फेंकने का आरोप लगा है। इसके साथ ही स्टार्टर चोरी करने और वाटर वाल्व के पास आग लगाने जैसी घटनाओं की भी शिकायत सामने आई है।
इस घटना के बाद गांव की पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी जैसी बुनियादी जरूरत प्रभावित होने से गांव में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
ग्राम पंचायत द्वारा दी गई शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने रात के समय ड्यूटी पर तैनात वाटरमैन को धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, कुएं में जहरीला पदार्थ डालने की चेतावनी देने का भी आरोप है, जिससे ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
पंचायत का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। संबंधित व्यक्ति पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है और शासकीय जमीन व कुएं को निजी बताकर विवाद खड़ा करता रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्राम पंचायत कोटड़ी ईस्तमुरार के सरपंच और सचिव ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गांव की पेयजल व्यवस्था को जल्द बहाल करने की मांग की है।
इस शिकायत की प्रतिलिपि विधायक, पुलिस अधीक्षक और जनपद पंचायत को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि पानी की आपूर्ति जल्द शुरू कराई जाए, ताकि गांव में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।