न्यूज डेस्क
22 March, 2026
अन्य
नीमच। श्री गुर्जर गोड ब्राह्मण समाज नगर सभा नीमच द्वारा महर्षि गौतम जयंती का पर्व श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। नगर सभा भवन स्थित ऋषि हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में समाजजनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 1 बजे विद्वान पंडितों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन से हुई। इसमें नगर सभा अध्यक्ष डॉ. बृजेंद्र प्रसाद शर्मा सहित अनेक समाजजनों ने आहुतियां देकर धर्म लाभ अर्जित किया।
दोपहर 3 बजे मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि गौतम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। गणेश वंदना श्रीमती प्रियंका शर्मा द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर समाज के 75 वर्ष से अधिक आयु के छह वरिष्ठ सदस्यों—राधेश्याम शर्मा, रामदयाल जोशी, सत्यनारायण शर्मा, रामेश्वर पुरोहित, सोहनलाल पुरोहित एवं रमेश चंद शर्मा का शाल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र देकर सम्मान किया गया। राधेश्याम शर्मा ने समाज के विकास हेतु 21 हजार रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में नवनिर्मित ‘गौतम अन्नपूर्णालय’ का लोकार्पण वरिष्ठजनों के करकमलों से किया गया। साथ ही 75 से 85 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के अन्य वरिष्ठों का भी सम्मान किया गया।
वर्ष 2025 में कक्षा 10वीं और 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा।
कोषाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय पत्रक प्रस्तुत किया। महिला मंडल द्वारा गणगौर पर्व का आयोजन भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
अंत में अध्यक्ष डॉ. बृजेंद्र प्रसाद शर्मा ने समाज की प्रगति, भवन निर्माण, ट्यूबवेल खनन एवं अन्य गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का आभार प्रो. डॉ. संजय जोशी ने व्यक्त किया और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।