डेस्क न्यूज
18 March, 2026
अन्य
नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम डांसिया में चने की फसल को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर हिंसा में बदल गया है। घटना में घायल दलित मोगिया परिवार के सदस्य जिला अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उन्होंने बुधवार को तख्तियां लेकर न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे सामूहिक आत्महत्या को मजबूर होंगे।
जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी को भेरूलाल मोगिया के परिवार का गांव के ही मोहनसिंह और उसके पिता बाबूसिंह से विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान नीतू के साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत थाना अजाक में की, लेकिन उनका आरोप है कि समय पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
पीड़ितों का कहना है कि शिकायत के बाद उन पर समझौते का दबाव बनाया जाता रहा। इसी रंजिश के चलते 15 मार्च को आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया। हमले में नीतू, उनके पिता प्रेमचंद और माता को लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला और पुरुष के हाथ में फ्रैक्चर है, जबकि एक बालिका के सिर में गंभीर चोट आई है।
घटना के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल में ही पीड़ित परिवार ने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की। तख्तियों पर “न्याय दो या सामूहिक आत्महत्या की अनुमति” जैसे संदेश लिखे गए।
वही इस पूरे मामले में सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि जांच जारी है। प्रारंभ में पीड़ित परिवार द्वारा जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराने के कारण कम धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। अब प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर दिया गया है, जिसके बाद प्रकरण में धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।