डेस्क न्यूज
18 March, 2026
अन्य
नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के नया बाजार इलाके में एक दुकान पर अवैध कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। किराएदार पक्ष द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर मालिकाना हक जताने का प्रयास किया गया, लेकिन न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार को न्यायिक अमले की मौजूदगी में दुकान खाली कराकर वास्तविक मालिक को कब्जा सौंप दिया गया। वहीं फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
दुकान मालिक अजय एरन ने बताया कि वर्ष 2001 में उनके पिता अशोक एरन ने मुख्य मार्ग स्थित दुकान नंदकिशोर राठौर को किराए पर दी थी। शुरुआत में किराया नियमित मिला, लेकिन बाद में किराएदार ने भुगतान में लापरवाही शुरू कर दी और धीरे-धीरे कब्जा जमाने की मंशा से विवाद खड़ा कर दिया।
लगातार समझाइश के बाद भी समाधान नहीं होने पर वर्ष 2019 में मामला न्यायालय में दायर किया गया, जिसमें वर्ष 2024 में फैसला मालिक के पक्ष में आया। नंदकिशोर राठौर द्वारा की गई अपील भी खारिज हो गई, इसके बावजूद दुकान खाली नहीं की गई।
इसी दौरान नंदकिशोर के भतीजे सुनील राठौर ने कथित रूप से 21 वर्ष की फर्जी लीज तैयार कर खुद को वैध कब्जाधारी बताने की कोशिश की। इस दस्तावेज के आधार पर दुकान पर कब्जा बनाए रखने का प्रयास किया गया, जिसके चलते मामला दोबारा न्यायालय पहुंचा।
न्यायालय ने 6 मार्च 2026 को सुनवाई करते हुए उक्त लीज को अवैध घोषित कर दुकान खाली करने के आदेश दिए। आदेश के पालन में मंगलवार को न्यायिक टीम मौके पर पहुंची और विधिवत कार्रवाई करते हुए दुकान खाली करवाई।
इसके बाद दुकान का कब्जा अजय एरन, जितेंद्र एरन और उनके परिवार को सौंप दिया गया। अजय एरन ने बताया कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में पुलिस ने आरोपी सुनील राठौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।