ताजासमाचार

CBN का ताबड़तोड़ एक्शन ! 3.300 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक पर चल रहा था नशे का खेल… रास्ते में ही टूटी कमर!

न्यूज डेस्क 18 March, 2026 अन्य

नीमच/चित्तौड़गढ़। मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), एमपी यूनिट ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।
दिनांक 16 मार्च 2026 को प्राप्त पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए 3.300 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
सूचना मिली थी कि एक तस्कर Hero Splendor Pro (RJ 09 SX 6100) मोटरसाइकिल से चिकरड़ा गांव क्षेत्र से अफीम लेकर मारवाड़ क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नीमच तृतीय खंड की टीम का गठन किया गया और संदिग्ध मार्ग पर सघन निगरानी शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने निम्बाहेड़ा-मंगलवाड़ रोड पर ग्राम नपावली (तहसील भदेसर, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान) के पास संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल में रखे एक प्लास्टिक बैग से 3.300 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
सीबीएन टीम ने मौके पर ही आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अफीम और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया तथा आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया।
अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Related Post