न्यूज डेस्क
17 March, 2026
अन्य
नीमच। भारत विकास परिषद शाखा नीमच के सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। स्थानीय रोटरी सामुदायिक हॉल में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में परिषद सदस्यों की उपस्थिति रही।
निर्वाचन प्रक्रिया पर्यवेक्षक पंकज पोरवाल (मनासा), प्रांतीय संरक्षक सुनील सिंहल, संस्थापक अध्यक्ष अशोक अग्रवाल (एलआईसी), वर्तमान अध्यक्ष रवि पोरवाल, सचिव पिंटू शर्मा एवं अन्य सदस्यों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से नई टीम का चयन किया गया।
मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के लिए पुरुषोत्तम गुप्ता (एलआईसी) को निर्विरोध चुना गया। वहीं, सचिव पद पर सतीश गोयल (बैंक), कोषाध्यक्ष पद पर संदीप दरक (असगंध वाला) तथा महिला संयोजिका के रूप में श्रीमती सुनीता अनिल चौधरी को नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद सचिव पिंटू शर्मा द्वारा वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सभी के सहयोग से परिषद को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा और सेवा व संस्कार के मूल्यों को और मजबूती दी जाएगी।
कार्यक्रम का सफल संचालन मनोज माहेश्वरी ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।