न्यूज डेस्क
16 March, 2026
अन्य
नीमच | स्थानीय अग्रोहा भवन में अग्रवाल विकास समिति नीमच एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में विशाल कृत्रिम अंग एवं दिव्यांग उपकरण वितरण सहायता शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में दिव्यांगजन लाभ लेने पहुंचे। कई लोग घसीटते हुए या परिजनों के सहारे यहां पहुंचे, लेकिन कृत्रिम अंग और उपकरण मिलने के बाद उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
समिति के अध्यक्ष गोपाल गर्ग और सचिव सुनील सिंघल ने बताया कि 14 से 16 मार्च तक चल रहे इस शिविर में अब तक 51 कृत्रिम पैर, 50 कैलिपर्स और 15 कृत्रिम हाथ लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 80 ट्राइसाइकिल, 55 व्हीलचेयर, 200 श्रवण यंत्र, 35 वॉकर और 75 छड़ियां भी जरूरतमंद दिव्यांगों को निःशुल्क वितरित की गई हैं।
शिविर में अग्रवाल समाज के कई सदस्य दिनभर सेवा कार्य में लगे हुए हैं। अब तक कुल 700 लाभार्थियों का पंजीयन हो चुका है, जिनमें से दूसरे दिन लगभग 360 दिव्यांगजन लाभान्वित हुए।
साथ ही रेड क्रॉस सोसायटी और जिला चिकित्सालय की टीम ने मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर लाभार्थियों को बड़ी राहत दी, जिससे उन्हें भविष्य में आने वाली परेशानियों से बचाव मिलेगा।
यह शिविर सेवा और संवेदना का ऐसा उदाहरण बन रहा है, जहां लोग दुखी मन से आते हैं और सहारा पाकर मुस्कुराते हुए वापस लौटते हैं।