ताजासमाचार

सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने NMMS परीक्षा में किया शानदार प्रदर्शन

डेस्क न्यूज 16 March, 2026 अन्य

नीमच। शहर के सांदीपनि विद्यालय नीमच कैंट के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने नेशनल मिन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है।

विद्यालय के प्राचार्य के. एस. जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया। छात्र रचित शर्मा ने प्रदेश स्तर पर 5वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं छात्र रोहन शर्मा ने 23वीं रैंक, छात्रा नियति मोदी ने 24वीं रैंक तथा छात्रा लावण्या तोमर ने 86वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

प्राचार्य जैन ने बताया कि यह सफलता विद्यार्थियों के निरंतर कठिन परिश्रम, लगन और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, नियमित अभ्यास और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है, जिसके कारण छात्र-छात्राएं लगातार उत्कृष्ट परिणाम ला रहे हैं।

उन्होंने बताया कि NMMS योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को आगामी चार वर्षों तक प्रति वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग मिलेगा और वे उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Related Post