डेस्क न्यूज
16 March, 2026
अन्य
नीमच। मां भादवा (जिन्हें मालवा की वैष्णो देवी के रूप में भी जाना जाता है) के गृह जिले में आगामी 19 मार्च से 27 मार्च तक चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मांस, मछली और अंडे के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। यह नौ दिन हिंदू समाज में आस्था और भक्ति का केंद्र माने जाते हैं।
इस संबंध में एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ़ चेन्नई के सदस्य बाबूलाल नागदा और दिलीप छाजेड़, साथ ही हिंदू जागरण मंच के संजय गौहर, पुरुषोत्तम शर्मा, पंकज रामावत, नितिन बैरागी और मनीष जैन मारू ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका नीमच को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, जिलाधीश, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम को भी इस ज्ञापन की कॉपी प्रेषित कर अनुरोध किया गया है कि नवरात्रि के इन नौ पवित्र दिनों में संपूर्ण नीमच जिले में मांस, मछली और अंडे के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
इस पहल का उद्देश्य स्थानीय आस्था और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करना और भक्ति एवं आराधना के इन दिनों में श्रद्धालुओं के लिए पवित्र वातावरण सुनिश्चित करना है।