डेस्क न्यूज
16 March, 2026
अन्य
नीमच \ जीरन। भाजपा दक्षिण मंडल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जीरन के सामुदायिक भवन में आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन (15 मार्च, रविवार) कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः योग, प्रार्थना, वर्ग गीत और ‘वन्दे मातरम’ के उद्घोष के साथ हुई, इसके बाद वैचारिक सत्रों का सिलसिला चला।
दूसरे दिन तीन महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान ने मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन उपलब्धियों को घर-घर तक पहुँचाएँ।
दूसरे सत्र में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने संगठन की कार्य पद्धति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अनुशासित रहकर एक कार्यकर्ता कैसे संगठन की नींव को मजबूत कर सकता है।
अंतिम सत्र में नगर परिषद सरवानिया महाराज अध्यक्ष रूपेन्द्र जैन ने डिजिटल क्रांति और सोशल मीडिया की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और भ्रामक खबरों से बचने के गुर बताए।
दो दिन तक चले इस गहन वैचारिक मंथन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं के लिए सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर, महामंत्री किशन अहिरवार और दिलीप सिंह चौहान ने इस सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।