ताजासमाचार

भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल की दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न

डेस्क न्यूज 16 March, 2026 अन्य

नीमच। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल की प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला स्थानीय स्वर्णकार धर्मशाला में संपन्न हुई। कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, केंद्र सरकार की योजनाओं और मीडिया-सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान रात्रि विश्राम के बाद भजनों का आयोजन हुआ। दूसरे दिन प्रातः जागरण के बाद कार्यकर्ताओं ने योग के महत्व और उसके लाभों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद वर्ग गीत और वंदे मातरम के साथ प्रशिक्षण सत्रों की शुरुआत हुई।

दिन के प्रथम एवं वर्ग के छठे सत्र में पूर्व मंत्री और ओमप्रकाश सकलेचा ने “संगठन की कार्यपद्धति” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की रीति-नीति और कार्यशैली से अवगत कराया। इस सत्र की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने की।

दूसरे सत्र में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अवंतिका जाट ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस सत्र की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मीना जायसवाल ने की।

तीसरे एवं अंतिम सत्र में पंकज पोरवाल (मनासा) ने मीडिया और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर प्रशिक्षण दिया। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला मंत्री ललित ग्वाला ने की।

राष्ट्रीय गान के साथ प्रशिक्षण वर्ग का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री दुर्गेश शर्मा एवं अनिल माली ने किया, जबकि आभार पंडित दीनदयाल मंडल के अध्यक्ष दारा सिंह यादव ने व्यक्त किया। प्रशिक्षण वर्ग में अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Post