ताजासमाचार

उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले में 33 हजार नवसाक्षरों ने दी परीक्षा

डेस्क न्यूज 15 March, 2026 अन्य

नीमच। शहर सहित जिलेभर में शनिवार को साक्षरता अभियान के अंतर्गत आयोजित नवसाक्षर परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। भारत सरकार के निर्देशानुसार राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा संचालित “उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम” के तहत आयोजित इस परीक्षा में जिले के लगभग 33 हजार नवसाक्षरों ने भाग लिया।

जिले के 867 सामाजिक चेतना केंद्रों सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा का उद्देश्य हाल ही में पढ़ना-लिखना सीखने वाले नागरिकों की साक्षरता का आकलन करना था। परीक्षा में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों के महिला और पुरुष नवसाक्षरों ने हिस्सा लिया।

जिला शिक्षा केंद्र के नवसाक्षर परीक्षा जिला समन्वयक रामेश्वर नायक ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं तथा प्रत्येक परीक्षार्थी को तीन घंटे का समय दिया गया। परीक्षा के संचालन में जिले के लगभग 1655 स्वयंसेवी अक्षर साथी और शिक्षकों ने सहयोग किया।

परीक्षा के संचालन के लिए प्रशासन द्वारा जिला, विकासखंड और संकुल स्तर पर मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई थी। नवसाक्षरों को परीक्षा केंद्र तक लाने और उन्हें प्रोत्साहित करने में एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट-गाइड तथा अन्य सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवकों का भी सहयोग रहा।

प्रशासन के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई और इसे जिले में साक्षरता अभियान को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Post